कर्नाटक के बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक ऐसे धोखेबाज युवक को गिरफ्तार किया है, जो लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाकर उनसे शादी करता था और फिर उनके पैसे और गहने लेकर फरार हो जाता था। आरोपी खासतौर पर उन भोली-भाली युवतियों को निशाना बनाता था जिनके माता-पिता नहीं थे।
कैसे देता था ठगी को अंजाम?
आरोपी की पहचान बेंगलुरु के पट्टेगारापल्ली के रहने वाले मिथुन कुमार के रूप में हुई है। मिथुन पहले लड़कियों से दोस्ती करता और फिर उन्हें अपने प्यार में फंसा लेता था। इसके बाद वह उनसे शादी कर लेता था। शादी के करीब छह महीने तक सब कुछ सामान्य चलता था, लेकिन उसके बाद वह अपना असली खेल शुरू करता। मौका मिलते ही वह पत्नी के सारे पैसे और गहने चुराकर गायब हो जाता था।
हाल ही में, मिथुन कुमार ने करीब एक साल पहले एक युवती से शादी की थी, जिससे वह छह साल पहले मिला था। शादी के बाद चार महीने तक तो सब कुछ ठीक रहा, लेकिन फिर वह अपनी पत्नी के पैसे और गहने लेकर फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए मिथुन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि यह पहली बार नहीं है जब मिथुन ने ऐसा किया है। वह पहले भी इसी तरह के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ बेंगलुरु के कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन में बलात्कार का मामला भी दर्ज था। उस मामले में वह छह महीने जेल में रहा और फिर जमानत पर बाहर आ गया था। लेकिन उसने अपनी हरकतों से कोई सबक नहीं सीखा और एक और लड़की को अपनी ठगी का शिकार बनाया। अब वह दोबारा जेल में है।