बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म 'टाइगर 3' में नजर आ चुके मशहूर पंजाबी अभिनेता और पेशेवर बॉडी बिल्डर वरिंदर घुमन का निधन हो गया है। अमृतसर में दिल का दौरा पड़ने से 41 वर्षीय वरिंदर ने दुनिया को अलविदा कह दिया। वरिंदर अपनी दमदार काया और हिंदी व पंजाबी फिल्मों में निभाए गए किरदारों के लिए जाने जाते थे।
सर्जरी के दौरान आया दिल का दौरा!
कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वरिंदर घुमन अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में बाइसेप्स की एक छोटी सी सर्जरी के लिए गए थे। बताया गया था कि वह उसी दिन घर लौटने वाले थे, लेकिन सर्जरी के दौरान कथित तौर पर उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, उनकी मृत्यु के कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: काली शर्ट पहन मोनालिसा बनीं राजेश खन्ना, 51 साल पुराने गाने पर बनाया वीडियो, फैंस बोले- गजब!
पहले शाकाहारी बॉडी बिल्डर का खिताब
बॉडीबिल्डिंग के अलावा, पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले वरिंदर ने पंजाबी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने 2012 में 'कबड्डी वन्स अगेन' में मुख्य भूमिका निभाई और 'रोर: टाइगर्स ऑफ़ द सुंदरबन्स' (2014) और 'मरजावां' (2019) जैसी फिल्मों में भी काम किया। वरिंदर को दुनिया के पहले शाकाहारी पेशेवर बॉडीबिल्डर के रूप में भी जाना जाता है।
अर्नोल्ड श्वार्जनेगर ने बनाया था ब्रांड एंबेसडर
वरिंदर की उपलब्धियां भी काफी बड़ी थीं। उन्होंने 2009 में 'मिस्टर इंडिया' का खिताब जीता और 'मिस्टर एशिया' में दूसरा स्थान हासिल किया। वह IFBB प्रो कार्ड पाने वाले पहले भारतीय भी बने। इन उपलब्धियों को देखते हुए, हॉलीवुड स्टार और बॉडीबिल्डिंग लेजेंड अर्नोल्ड श्वार्जनेगर ने उन्हें एशिया में हेल्थ प्रोडक्ट्स के प्रचार के लिए अपना ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया था। पंजाब के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने एक्स पर उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
