जिस शख्स पर कांग्रेस नेता ने लगाया था 4 जगहों पर वोटर होने का आरोप, उसने इंडिया टीवी से बात कर बताई पूरी सच्चाई।
लखनऊ: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया कि कुछ मतदाता एक साथ कई जगहों पर पंजीकृत हैं। इस दौरान उन्होंने जिस शख्स, आदित्य श्रीवास्तव, का नाम लिया था, अब उसने खुद सामने आकर राहुल गांधी के आरोपों पर जवाब दिया है। इंडिया टीवी ने आदित्य श्रीवास्तव से बात की, जिन्होंने कांग्रेस नेता के दावों को खारिज कर दिया है।
राहुल गांधी के आरोपों का आदित्य श्रीवास्तव ने दिया जवाब
राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि आदित्य श्रीवास्तव चार अलग-अलग जगहों पर वोटर हैं। इस आरोप के बाद जब इंडिया टीवी ने आदित्य श्रीवास्तव को ढूंढा, तो उन्होंने अपनी पूरी कहानी बताई। आदित्य ने कहा कि वह मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले हैं। 2016 में वह मुंबई में रहते थे और 2019 के लोकसभा चुनाव में वहीं वोट दिया था।
इसके बाद 2021 में वह मुंबई से बेंगलुरु शिफ्ट हो गए। आदित्य ने बताया कि उन्होंने खुद चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपनी जानकारी अपडेट की थी। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा उनकी निजी जानकारी सार्वजनिक करने पर नाराजगी भी जाहिर की।
एक समय पर एक ही जगह वोट डाला
आदित्य ने बताया कि जब वह मुंबई में रहते थे, तो उन्होंने अपना वोटर कार्ड लखनऊ से महाराष्ट्र ट्रांसफर करवा लिया था। बाद में जब वह बेंगलुरु शिफ्ट हुए, तो उन्होंने वहां के लिए अप्लाई किया। आदित्य का कहना है कि उनके सभी वोटर आईडी कार्ड के नंबर एक ही हैं, बस पते बदले हैं।
उन्होंने साफ तौर पर कहा, "मैंने हमेशा एक समय में एक ही जगह वोट डाला है। जब मैंने अपना वोटर आईडी कार्ड एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर कराया, तो मुझे लगा था कि पुराने रिकॉर्ड अपने आप हट जाएंगे।"
राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि आदित्य के दो वोटर कार्ड बेंगलुरु के महादेवा पुरा में, एक मुंबई में और एक लखनऊ में है। हालांकि, आदित्य ने इन आरोपों को गलत बताया है।
यूपी चुनाव आयोग ने भी राहुल गांधी के दावे को नकारा
इस पूरे विवाद में, उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने भी राहुल गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। सीईओ ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा कि राहुल गांधी के दावे "तथ्यात्मक रूप से गलत" हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ भी गलत नहीं हुआ है।
राहुल गांधी ने अपने आरोप में आदित्य श्रीवास्तव और विशाल सिंह नाम के दो व्यक्तियों का जिक्र किया था, जिनके नाम कई राज्यों की मतदाता सूचियों में होने का दावा किया गया था। यूपी चुनाव आयोग ने इन दावों को गलत ठहराया है।